उस समय तो उस गिरगिट को देखकर उन्हें डर-सा लगने लगा | तब वे भागे हुए भगवान श्रीकृष्ण के पास गए और कहने लगे, “हे वासुदेव ! एक कुएं में एक बहुत बड़ा गिरगिट बैठा हुआ है | वह चट्टान के बराबर भारी है | हम तो कितना भी जोर लगाकर उसे नहीं खींच पाए हैं | अब तुम चलकर उसे देखो तो कि वह क्या है | कहीं कोई दैत्य तो नहीं है | हमें तो उसे देखकर डर लगने लगा है |”
यादव लड़कों की बात सुनकर श्रीकृष्ण उनके साथ चल दिए और उसी कुएं पर पहुंचे | कुएं में देखा तो गिरगिट बैठा था | श्रीकृष्ण ने रस्सी फेंकी और बड़ी आसानी से गिरगिट को निकाल दिया | यह देखकर सभी लड़के आश्चर्य करने लगे | ज्यों ही गिरगिट बाहर आया श्रीकृष्ण ने उससे पूछा, “हे गिरगिट, तुम कौन हो ? अपने पूर्वजन्म का वृत्तांत तो कहो !”
गिरगिट ने कहा, “हे भगवन ! मैं पूर्वजन्म में राजा नृग था | अपने राज-काल में मैंने एक सहस्त्र यज्ञ किए थे |”
यह सुनकर कौतुहलवश श्रीकृष्ण ने पूछा, “लेकिन हे महाराज ! फिर भी आपकी यह अधोगति कैसे हुई ? आप तो महादानी थे | आपने तो सहस्त्रों गाएं ब्राह्मणों को दान दी थीं और कभी भी कोई पाप नहीं किया था | फिर आपको यह दंड कैसे मिला ?”
गिरगिट रूपधारी राजा नृग ने कहा, “हे भगवन ! बिना पाप के तो विधाता किसी को दण्ड नहीं देता | मैंने जानबूझकर तो कोई पाप नहीं किया, लेकिन मेरी एक भूल के कारण ही मुझसे अनजाने में पाप हो गया, उसी का दंड मुझे मिला है | सुनिए, मैं आपको सारा वृत्तांत सुनाता हूं –
हे भगवन ! एक अग्निहोत्री ब्राह्मण विदेश चला गया था | उसकी गाय भूल से मेरी गायों के झुण्ड में आ मिली थी | उसी समय एक ब्राह्मण मेरे पास आया था | उसे मैंने एक हजार गाएं दान दी थीं | दुर्भाग्यवश उस अग्निहोत्री ब्राह्मण की गाय भी उन हजारों में चली गई | कुछ दिनों बाद वह ब्राह्मण विदेश से लौटा तो अपनी गाय को खोजने लगा | खोजते-खोजते अंत में वह उसी ब्राह्मण के पास पहुंचा जिसको मैंने भूल से उसकी गाय दान में दे दी थी | अपनी गाय को पहचानकर वह उस ब्राह्मण से उस गाय को मांगने लगा, लेकिन ब्राह्मण बार-बार यही कहता था कि उसने राजा से यह गाय दान स्वरूप प्राप्त की है | जब उसने पूरी तरह गाय को देने से इनकार कर दिया तो अग्निहोत्री ब्राह्मण उस पर चोरी का अपराध लगाने लगा और उसी समय उन दोनों में झगड़ा बढ़ गया |
झगड़ते हुए, न्याय कराने के लिए वे मेरे पास आए | जिस ब्राह्मण को मैंने वह गाय दान में दे दी थी, वह कहने लगा, “हे राजन ! आपने यह गाय मुझे दान में दी है | यह ब्राह्मण देवता इसे अपनी कह कर लेना चाहते हैं और न देने पर मेरे ऊपर चोरी का अपराध लगाते हैं | आप मेरा न्याय कीजिए |”
उसी समय वह अग्निहोत्री ब्राह्मण क्रुद्ध होकर बोला, “हे राजन ! यह गाय तो मेरी है | मैं विदेश गया था, मालूम होता है उसी बीच यह तुम्हारे यहां आ गई | उस मेरी गाय को दान देने का आपको क्या अधिकार था ? कृपया मेरी गाय मुझे वापस दीजिए |”
यह सुनकर तो मैं घबरा गया | मैं सोचने लगा कि भूल से यह कैसा अनर्थ हो गया | मैंने उस ब्राह्मण से, जिसके पास गाय थी, कहा, “हे ब्राह्मण ! आप उस गाय को इन ब्राह्मण देवता को दे दें, क्योंकि ये ही उसके अधिकारी हैं | उसके बदले में आपको दस हजार गाएं दूंगा |”
मेरी यह बात सुनकर तो वह ब्राह्मण खिन्न हो गया और बोला, “हे महाराज ! आपकी यह सुलक्षणा गाय तो प्रतिदिन स्वादिष्ट दुध देकर मेरे दुधमुंहे शिथिल बच्चे का पालन करती है | आप मुझे क्षमा करें |”
यह कह कर वह ब्राह्मण सीधे अपने घर चला गया | फिर मैंने अग्निहोत्री ब्राह्मण से कहा, “हे भगवन ! मैं इस गाय के बदले आपको एक लाख गाएं दूंगा | आप किसी प्रकार की चिंता न करें |”
मेरी बात सुनकर ब्राह्मण ने उत्तर दिया, “हे राजन ! मैं राजाओं का दान नहीं लेना चाहता | मैं अपनी जीविका स्वयं कमा लेता हूं | आप तो मेरी गाय ही मुझे दे दीजिए | इसके अलावा मुझे किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं है |”
ब्राह्मण इसी बात पर हठ करने लगा | मैंने सोचा, चांदी, रत्न आदि अनेक बहुमूल्य वस्तुओं का प्रलोभन उन्हें दिया लेकिन किसी को उन्होंने स्वीकार नहीं किया | अंत में जब उसे गाय पीने की कोई सूरत नहीं दिखाई पड़ी तो वह मन में दुखी होता हुआ अपने घर चला गया | मेरे मन में इस कारण बड़ा दुख हुआ लेकिन मेरा वश ही क्या था | मैंने तो सबकुछ प्रयत्न किया था लेकिन विधाता ही मेरे प्रतिकूल था | परिस्थिति कुछ ऐसी कठिन बन गई कि उसको हल करना मेरी शक्ति से बाहर हो गया | हे भगवन ! यह पाप मुझसे भूल में हो गया, उसी के कारण जब शरीर त्यागकर मैं यमराज के समाने उपस्थित हुआ तो यमराज ने कहा, “हे राजा नृग ! आपके पुण्यों को तो थाह नहीं है लेकिन भूल से आपने ब्राह्मण की गाय का अपहरण किया था इसलिए इस पाप का दण्ड आपको अवश्य भोगना पड़ेगा | अब यह आपकी इच्छा के ऊपर निर्भर है कि आप पाप का फल पहले भोगना चाहते हो या पुण्य का फल |”
मैंने यमराज से कहा, “मैं पाप का फल पहले भोगना चाहता हूं | हे भगवन ! उसी समय में पृथ्वी पर गिरने लगा |”
तब चलते समय यमराज ने कहा, “हे राजा नृग ! हजार वर्ष बीतने पर आपके इस पाप का नाश होगा और भगवान श्रीकृष्ण आपका उद्धार करेंगे | तब अपने पुण्यों के फलस्वरूप तुम दिव्यलोक में जाओगे | हे भगवन ! तभी से मैं इस कुएं में गिरगिट के रूप में पड़ा अपने पाप का फल भोग रहा हूं | आज मेरा सौभाग्य है कि आप आए | इसी दिन की मैं प्रतीक्षा कर रहा था | अब मेरी यातना समाप्त हो गई और आपकी कृपा से मैं अब दिव्य लोक प्राप्त करूंगा | हे देव ! अब मुझे स्वर्ग जाने की आज्ञा दीजिए |”
श्रीकृष्ण ने कहा, “नृग, मैं उन्हें इसके लिए आज्ञा देता हूं |”
उसी समय नृग ने गिरगिट का रूप त्याग दिया | वे एक दिव्य पुरुष के रूप में भगवान श्रीकृष्ण के सामने खड़े हो गए | उसी क्षण सामने ही दिव्य विमान आ गया | जिसमें बैठकर राजा नृग स्वर्गलोक चले गए |